दीपावली की रात तेज रफ्तार ऑटो ने बुझाया घर का चिराग, 19 वर्षीय अनुराग की मौत

दीपावली की रात तेज रफ्तार ऑटो ने बुझाया घर का चिराग, 19 वर्षीय अनुराग की मौत

सैदूपुर बाजार में पटाखे छोड़ते समय हुआ हादसा, वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान तोड़ा दम; ऑटो चालक पुलिस की हिरासत में

(रणभेरी): दीपावली की रात जहां घरों और बाजारों में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहीं सैदूपुर बाजार में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे पटाखे छोड़ रहे 19 वर्षीय अनुराग केशरी को तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनुराग की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, चकिया तहसील क्षेत्र के सैदूपुर बाजार में दीपावली की रात करीब 10:30 बजे महेंद्र केशरी का पुत्र अनुराग केशरी सड़क किनारे पटाखे छोड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ऑटो रिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनुराग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों को दी।

परिजन आनन-फानन में घायल अनुराग को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वाराणसी पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

ऑटो और चालक को पुलिस ने कब्जे में लिया

अनुराग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां पलभर में मातम छा गया। घटना से सैदूपुर बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी शोक व्याप्त है।

उधर, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ऑटो रिक्शा और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई में जुटी है। दीपावली की रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *