हथुआ मार्केट से दोपहर 12 बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा, नमो घाट पर शाम पांच बजे से होगा आध्यात्मिक समारोह; 10 विभूतियों को मिलेगा गोवर्धन श्री सम्मान
वाराणसी (रणभेरी): गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में भव्य आयोजन होगा। वर्ष 1972 से गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस समारोह का यह 54वां वर्ष है। इस बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीश यादव भी मौजूद रहेंगे। समारोह का मुख्य आयोजन शाम पांच बजे के बाद नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में होगा। इससे पहले दोपहर 12 बजे हथुआ मार्केट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
हथुआ मार्केट से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे हथुआ मार्केट से शुरू होने वाली इस शोभायात्रा में यादव समाज के लोग पारंपरिक गणवेश में शामिल होंगे। प्रयागराज और छत्तीसगढ़ से विशेष झांकियां वाराणसी पहुंचेंगी। वहीं, वृंदावन और मथुरा के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों और झांकियों से शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। शोभायात्रा का उद्घाटन परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव करेंगे।
पांच घंटे में नमो घाट पहुंचेगी शोभायात्रा
समिति के उपाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि शोभायात्रा हथुआ मार्केट से शुरू होकर लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए नमो घाट पहुंचेगी। शाम पांच बजे शोभायात्रा गोवर्धन धाम में सभा के रूप में परिवर्तित हो जाएगी।

शोभायात्रा में श्रीकृष्ण-बलराम, शिव-पार्वती और भगवान श्रीराम से जुड़ी आध्यात्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। काशीवासियों के साथ ग्वाल-बालों की टोली आगे-आगे चलेगी। इसके अलावा बनारसी लट्ठबाजी (पटा बनेठी) का प्रदर्शन और केदारनाथ मंदिर की भव्य झांकी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी।
मोहन यादव करेंगे सभा को संबोधित, 10 विभूतियों का होगा सम्मान
समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि शाम पांच बजे से नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में विशाल आध्यात्मिक सभा का शुभारंभ होगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। उनके साथ राज्य मंत्री गिरीश यादव भी मंच पर मौजूद रहेंगे।
समारोह के दौरान शिक्षा, खेल, चिकित्सा, व्यापार और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के 10 लोगों को ‘गोवर्धन श्री सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की गई हैं। शोभायात्रा और आध्यात्मिक सभा के माध्यम से काशी में गोवर्धन पूजा की परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।
