पत्नी से विवाद की बात आई सामने, दो साल की बेटी को छोड़ गया पीछे; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वाराणसी (रणभेरी): सरकारी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन लैब बिल्डिंग में मजदूरी कर रहे 31 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह पुराने कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सुबह करीब पांच बजे हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के सदर थाना क्षेत्र के रामबाग गांव निवासी छोटू कुमार लोहार (31) पुत्र स्वर्गीय शंकर लोहार के रूप में हुई है। वह पिछले करीब ढाई महीने से शिवपुर स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन लैब बिल्डिंग में मजदूरी कर रहा था। इसी परिसर में बने एक पुराने कमरे में वह रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, छोटू कुमार का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। उसकी दो वर्ष की एक बेटी भी है। बताया गया कि मृतक और उसका भांजा सोनू लोहार अस्पताल परिसर में अलग-अलग कमरों में रहते थे।
मृतक के भांजे सोनू के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने कमरे से निकलकर छोटू के कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर छोटू का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर उसने अपने मित्र बबलू को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
