महिला झुलसी, दो बच्चों को सुरक्षित निकाला गया
वाराणसी (रणभेरी) : भेलूपुर के जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गई। सुबह करीब पांच बजे तीसरी मंजिल के एक बंद फ्लैट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। डक्ट के रास्ते लपटें चौथी और पांचवीं मंजिल तक पहुंच गईं। हादसे में पांचवीं मंजिल पर रहने वाली एक महिला झुलस गईं, जबकि उनके दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग चेतमणि चौराहे के पास स्थित अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर लगी थी। फ्लैट बंद था और उसके मालिक घर पर मौजूद नहीं थे। धुआं और लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में अपार्टमेंट के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। पूरी इमारत में धुआं भरने से ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
दमकल और एनडीआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। महिला को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना की जांच कर रहे हैं।
