दिवाली पर काशी को दहलाने की धमकी, 8 नवंबर से 27 नवंबर तक धमाकों की चेतावनी

दिवाली पर काशी को दहलाने की धमकी, 8 नवंबर से 27 नवंबर तक धमाकों की चेतावनी

नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर आया धमकी भरा संदेश, बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय, सीएचएस और प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई गई

वाराणसी (रणभेरी): दिवाली के त्योहार के बीच काशी को दहलाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर भेजे गए धमकी भरे संदेश में वाराणसी, मथुरा और अयोध्या को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में आठ नवंबर से 27 नवंबर तक स्कूलों और मंदिरों में बम धमाके करने की धमकी दी गई है।

धमकी मिलने के बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय हो गई है। एहतियातन बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस), नगर निगम और शहर के प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी थानों को अलर्ट कर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया धमकी की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्य से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय और सीएचएस के संबंध में जानकारी मिली थी। इसके बाद दोनों शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की सूचना लंका थाने को भी दे दी गई है।

उधर, नगर निगम को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुलिस के उच्चाधिकारियों और सिगरा पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नगर निगम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

तीन धार्मिक शहरों को निशाना बनाने की धमकी

धमकी भरे ई-मेल में काशी के अलावा मथुरा और अयोध्या को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। संदेश में दावा किया गया है कि आठ नवंबर से शुरू होने वाले धमाकों का सिलसिला 27 नवंबर तक जारी रहेगा। इस चेतावनी के बाद धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और सरकारी परिसरों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

केंद्रीय एजेंसियां कर रहीं जांच

धमकी भरे ई-मेल की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हैं। पुलिस ई-मेल की सत्यता और इसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल एहतियात के तौर पर शहर के संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *