बनारस स्टेशन से तीन रेल सेवाओं का शुभारंभ, सप्ताह में छह दिन चलेगी वंदे भारत स्लीपर; प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा ठहराव
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी से नई दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को अब वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की सौगात मिल गई है। शनिवार को बनारस स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सहित तीन रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू और वाराणसी सिटी-राजातालाब मेमू सेवा का भी शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर तीन बजे वाराणसी पहुंचे। शाम को बनारस स्टेशन पर आयोजित समारोह में उन्होंने रेल मंत्री के साथ नई रेल सेवाओं की शुरुआत की। उल्लेखनीय है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 17 जनवरी 2026 को गुवाहाटी (कामाख्या)-हावड़ा (कोलकाता) के बीच शुरू की गई थी।

रात 8:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी ट्रेन
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (27421) वाराणसी जंक्शन से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में छह दिन होगा। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी।
इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में निर्धारित किया गया है। इससे इन प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी दिल्ली और वाराणसी के बीच तेज एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।

प्रयागराज और वाराणसी के यात्रियों को भी राहत
समारोह में प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू सेवा भी शुरू की गई। यह सेवा प्रतिदिन संचालित होगी। ट्रेन संख्या 65123 सुबह सात बजे बनारस से रवाना होकर सुबह 9:50 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 65124 शाम छह बजे रामबाग से चलेगी और रात 8:30 बजे बनारस पहुंचेगी।
इसके अलावा वाराणसी सिटी-राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। इस रूट पर प्रतिदिन कुल आठ ट्रेनें चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों के सभी कोचों के साथ ड्राइवर कैब में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
तीनों रेल सेवाओं के शुरू होने से वाराणसी, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर वाराणसी और नई दिल्ली के बीच रात्रिकालीन यात्रा करने वाले यात्रियों को वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस से नया विकल्प मिलेगा।
