घर के किचन में मिला शव, वर्सोवा पुलिस ने दर्ज की आकस्मिक मौत की रिपोर्ट; पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच जारी
(रणभेरी): बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘कांटें’, ‘काबिल’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके फिल्ममेकर संजय गुप्ता का निधन हो गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत घर के किचन में गिरने से सिर पर आई चोट के कारण हुई। घटना के बाद पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किचन में मिला शव, रात में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, संजय गुप्ता मुंबई के राम नगर इलाके में स्थित एक बंगले में रहते थे। 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात वह अपने घर के किचन में अचानक गिर गए। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई। सुबह उनका शव घर के किचन में मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दर्ज की ADR, पोस्टमार्टम जारी
डीसीपी नॉर्थ जोन-1 पुरुषोत्तम कराड ने बताया कि वर्सोवा पुलिस स्टेशन को सुबह सूचना मिली थी कि फिल्ममेकर संजय गुप्ता की उनके घर पर अचानक गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, परिवार ने घटना को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल वर्सोवा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिल्मी हस्तियां पहुंचीं घर, मिलाप जावेरी हुए भावुक
संजय गुप्ता के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन के लिए फिल्म जगत की कई हस्तियां उनके आवास पर पहुंच रही हैं। इस दौरान निर्देशक मिलाप जावेरी भी उनके घर के बाहर भावुक नजर आए। बताया जा रहा है कि संजय गुप्ता का अंतिम संस्कार शाम 5:30 बजे किया जाएगा।
संजय गुप्ता ने अपने निर्देशन के जरिए बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई थी। उनकी फिल्मों में एक्शन, अपराध और दमदार किरदारों की खास छाप देखने को मिलती थी। उनके निधन से फिल्म जगत ने एक चर्चित फिल्ममेकर को खो दिया है।
