सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी डीसीएम, चालक की मौत

सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी डीसीएम, चालक की मौत

एक माह पहले ही घर में गूंजी थी बेटे की किलकारी, हादसे से परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर थाना क्षेत्र के कटैला पुल के पास शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम घुस गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरेश यादव (35) पुत्र लालचंद यादव निवासी नवधन सुदई, थाना ऊंज, संत रविदासनगर (भदोही) के रूप में हुई। वह डीसीएम का मालिक भी था और खुद ही गाड़ी चला रहा था।

जानकारी के अनुसार, अमरेश गुजरात से डीसीएम में गत्ता लादकर मऊ जा रहा था। शुक्रवार देर रात वह कटैला पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसकी डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जंगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में अपने वाहन से गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मर्चरी हाउस भेज दिया गया।

एक माह पहले हुआ था बेटे का जन्म, घर में पसरा मातम

अमरेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले निशा से हुई थी। महज एक माह पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। नवजात के आने से परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पत्नी निशा और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अमरेश पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह डीसीएम चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *