आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, नौ मुकदमों में वांछित आरोपी के पैर में लगी गोली

आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, नौ मुकदमों में वांछित आरोपी के पैर में लगी गोली

आवास दिलाने के नाम पर ठगी और महिलाओं के गहने हड़पने का आरोप, घायल को जिला अस्पताल भेजा गया

(रणभेरी): कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर पुलिया के निकट रविवार देर रात पुलिस और एक संदिग्ध बाइक सवार के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी साहब राम के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दो जिलों के अलग-अलग थानों में नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कप्तानगंज के थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार के अनुसार, पुलिस टीम रविवार रात करीब एक बजे पासीपुर पुलिया के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गोपालगंज की ओर से मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोप है कि घिरता देख उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई।

लंबे समय से तलाश कर रही थी पुलिस

घायल आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशनपुर निवासी साहब राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह काफी समय से वांछित चल रहा था। उस पर लोगों को आवास दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठने और महिलाओं को बहला-फुसलाकर उनके आभूषण हड़पने के आरोप हैं।

बहन की गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी

पुलिस ने बताया कि रविवार शाम कोईनहा मोड़ से नीरज उर्फ गुड्डी नाम की महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया था। उसके पास से कुछ आभूषण भी बरामद हुए। पूछताछ के दौरान महिला का संबंध साहब राम से होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, वह घायल आरोपी की बहन है।

जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों भाई-बहन आवास दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने के मामलों में शामिल थे। इसके अलावा पूजा पंडालों के आसपास महिलाओं के आभूषण काटकर चोरी करने की घटनाओं में भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला अपने भाई के आने का इंतजार कर रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों से संबंधित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *