वाराणसी (रणभेरी): चौक थाना क्षेत्र के पियरी चौकी अंतर्गत बेनियाबाग में कूड़ा घर के समीप एक बच्चे के चार पहिया वाहन की चपेट में आने की घटना के बाद हंगामा हो गया। हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया और पथराव कर दिया। इस दौरान वाहन का शीशा टूट गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चा सड़क के पास खेल रहा था। इसी बीच वहां से गुजर रही एक चार पहिया गाड़ी की चपेट में उसके आने की बात सामने आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चे के साथ हुई घटना से आक्रोशित लोगों ने वाहन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे कार के शीशे को नुकसान पहुंचा।

घटना के चलते इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना पियरी चौकी तक पहुंची। फिलहाल बच्चे की स्थिति और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
