(रणभेरी): कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके को दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसी बीच उनके परिवार से एक दुखद खबर सामने आई है। दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार में शोक का माहौल है, जबकि अभिजीत दीपके फिलहाल दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।
पैतृक गांव में हुआ निधन
मिली जानकारी के मुताबिक, सावित्रीबाई शंकर दीपके ने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में स्थित अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। दादी के निधन के समय अभिजीत दीपके परिवार के साथ मौजूद नहीं हैं। ऐसे में परिवार के लिए यह समय बेहद कठिन माना जा रहा है।
IGI एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से हिरासत
दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से ही हिरासत में लिया गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें गुरुग्राम ले गई। हालांकि, इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी और क्या दीपके को अपने पैतृक गांव लौटने का मौका मिलेगा, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सौरभ दास और आशुतोष रांका को भी लिया गया हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, CJP के तीन प्रमुख नेता अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका एक ही विमान से दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने तीनों को विमान से ही हिरासत में लिया। इसके बाद तीनों नेताओं को अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली में भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया। फिलहाल, अभिजीत दीपके की हिरासत और उनके परिवार में हुए इस दुखद घटनाक्रम के बीच उनकी आगे की गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
