(रणभेरी): रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ का दूसरा सीजन इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में जहां कंटेस्टेंट्स के बीच टकराव और बहस देखने को मिल रही है, वहीं कई मौकों पर उनके बीच दोस्ती और शानदार बॉन्डिंग भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। अब शो में बॉलीवुड थीम पर आधारित एक खास सेगमेंट देखने को मिला है, जिसमें कंटेस्टेंट्स ने फिल्मी किरदारों का अंदाज अपनाकर जमकर मनोरंजन किया।
तेज प्रताप बने संजय दत्त का किरदार
प्राइम वीडियो की ओर से जारी किए गए नए प्रोमो में सभी प्रतिभागी बॉलीवुड के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। तेज प्रताप यादव ने संजय दत्त की चर्चित फिल्म ‘वास्तव’ के अंदाज को दोहराया। उन्होंने फिल्म से मशहूर ‘50 तोला’ वाले डायलॉग को अपने स्टाइल में पेश किया।
वहीं शहजाद पूनावाला भी संजय दत्त के लोकप्रिय ‘मुन्नाभाई’ किरदार की झलक दिखाते नजर आए। दोनों के फिल्मी अंदाज ने शो के माहौल को काफी मजेदार बना दिया।
इरीना के साथ डांस करते दिखे तेज प्रताप
प्रोमो का एक और हिस्सा चर्चा में है, जिसमें तेज प्रताप यादव इरीना रुदाकोवा के साथ डांस करते नजर आते हैं। दोनों की केमिस्ट्री देखकर स्वरा भास्कर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देती हैं। वह कहती हैं कि, “लालू जी सब देख रहे हैं।”
शो के निर्माताओं ने इस प्रोमो को सोशल मीडिया पर ‘लाइट, कैमरा, बॉलीवुड’ कैप्शन के साथ साझा किया है। शो को प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर देखा जा सकता है। इसके नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे प्रसारित होते हैं।
‘अल्टीमेट रूलर’ के खिताब पर गौतम और शहजाद की नजर
दूसरी ओर, ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में ‘अल्टीमेट रूलर’ बनने की जंग भी अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। कई कंटेस्टेंट्स के सफर के खत्म होने के बाद अब गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला इस खिताब के अंतिम दावेदारों के तौर पर सामने आए हैं।
जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ी, ‘टावर’ के समीकरण भी बदलते गए। अब शो में इस प्रतिष्ठित टाइटल के लिए गौतम और शहजाद के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। आने वाले एपिसोड में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में से कौन ‘अल्टीमेट रूलर’ का खिताब अपने नाम करता है।
