(रणभेरी): भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस समारोह से पहले मंगलवार को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। करीब चार घंटे चली इस रिहर्सल में वायुसेना की ताकत, अनुशासन और परंपरा की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान पहली बार एक महिला वायुसेना कर्मी ने थ्री नॉट थ्री ड्रिल का नेतृत्व किया।
रिहर्सल सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई और दोपहर 12 बजे तक चली। इसमें वायुसेना की आठ टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टुकड़ी में फ्लाइट लीडर समेत करीब 35 जवान शामिल रहे। निर्धारित सैन्य अनुशासन के साथ जवानों ने विभिन्न ड्रिल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर तिरंगा लेकर एयरबेस के ऊपर से गुजरे। आसमान में लहराते राष्ट्रीय ध्वज के बीच नीचे मौजूद वायुसेना के अधिकारियों और जवानों ने तिरंगे को सलामी दी।

रिहर्सल में शामिल वायुसेना के जवान नीली वर्दी में नजर आए। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारी भी एयरबेस पहुंचे। कुछ अधिकारियों के परिवार के सदस्य भी रिहर्सल देखने के लिए मौजूद रहे।
विमान और हथियारों की प्रदर्शनी
एयरफोर्स डे समारोह के तहत एयरबेस में विमान और सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस बार प्रदर्शनी में ब्रह्मोस मिसाइल को भी शामिल किया गया है। वायुसेना दिवस की रिहर्सल में पहली बार ब्रह्मोस मिसाइल के सरफेस-टू-सर्फेस मिसाइल (SSM) संस्करण को प्रदर्शित किया गया। ब्रह्मोस भारत के डीआरडीओ और रूस की एनपीओ मशीनोस्ट्रोएनिया के संयुक्त सहयोग से विकसित की गई मिसाइल प्रणाली है।

बुधवार को होगा मुख्य समारोह
भारतीय वायुसेना का स्थापना दिवस समारोह बुधवार, 8 अक्टूबर को गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर आयोजित किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल पूरी होने के बाद सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। वायुसेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी। स्थापना दिवस की स्मृति में हर वर्ष 8 अक्टूबर को एयरफोर्स डे मनाया जाता है।
समारोह में एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह भी शामिल होंगे। वह 1967 मॉडल की विंटेज फोर्ड सैलून कार से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
