वाराणसी (रणभेरी): शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के नामांकन की अंतिम तारीख मंगलवार को रही। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के नामांकन जुलूस के दौरान कमिश्नरी कार्यालय के बाहर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों को पुलिस ने नामांकन स्थल के बाहर रोक दिया।
आशुतोष सिन्हा दोपहर करीब दो बजे अपने समर्थकों के साथ नामांकन के लिए कमिश्नरी कार्यालय पहुंचे। नामांकन स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रशासन की ओर से केवल प्रत्याशी, उनके अधिवक्ता और प्रस्तावकों को ही अंदर जाने की अनुमति थी।

समर्थकों की भीड़ ने बैरिकेडिंग के आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ ने बैरिकेडिंग को हटाने की कोशिश की और कुछ कार्यकर्ता उसे पार कर आगे बढ़ गए।
हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने गेट पर मोर्चा संभाल लिया और समर्थकों को दोबारा रोक दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नामांकन कक्ष तक केवल निर्धारित लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

कई जनप्रतिनिधियों को भी रोका
नामांकन स्थल पर प्रवेश को लेकर पुलिस ने कई जनप्रतिनिधियों को भी बाहर रोक दिया। बाद में परिचय और जरूरी जानकारी देने के बाद उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया के नियमों के तहत भीड़ को नामांकन स्थल के भीतर जाने से रोका जा रहा था।
नामांकन की अंतिम तारीख होने के कारण कमिश्नरी कार्यालय के आसपास पूरे दिन राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की थी।
