SIR के विरोध में INDIA गठबंधन का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, पुलिस ने संसद से चुनाव आयोग की ओर बढ़ रहे विपक्षी नेताओं को रोका; बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी, हाथ में दिखा तिरंगा
(रणभेरी): मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में INDIA गठबंधन के 19 दलों ने मंगलवार को राजधानी में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। नई संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में सांसदों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया।
मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी समेत करीब 150 विपक्षी सांसद शामिल हुए। विपक्षी दलों का कहना है कि उनका उद्देश्य चुनाव आयोग तक पहुंचकर अपनी मांगों को सामने रखना था।

बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विपक्षी सांसदों को कई बार आगे बढ़ने से रोका। इसी बीच राहुल गांधी एक बैरिकेड पर चढ़ गए और हाथ में तिरंगा लेकर विरोध जताया। उनके हाथ में ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’ लिखा पोस्टर भी दिखाई दिया।
पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर बस में बैठाया। हालांकि, दोनों बाद में बस से उतरकर आकाशवाणी भवन परिसर में चले गए। इसके बाद राहुल और प्रियंका वहीं धरने पर बैठ गए। दोनों की मांग है कि उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाने दिया जाए। आकाशवाणी भवन से चुनाव आयोग का कार्यालय करीब 270 मीटर की दूरी पर है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आकाशवाणी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी।

तीन घंटे तक चला विरोध
दोपहर एक बजे तक विपक्षी दलों के मार्च और प्रदर्शन को करीब तीन घंटे हो चुके थे। पुलिस द्वारा बार-बार रोके जाने के बाद INDIA गठबंधन के कई सांसदों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी के विरोध में INDIA गठबंधन ने इस मार्च का आयोजन किया था। दिल्ली और मुंबई में चुनाव आयोग के खिलाफ पिछले पांच दिनों में विपक्ष का यह सातवां प्रदर्शन बताया जा रहा है।
पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान
इस बीच देश के कई हिस्सों में उपचुनाव के लिए मतदान भी जारी है। असम की नगांव लोकसभा सीट के साथ पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम तथा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। इन उपचुनावों में स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ विभिन्न दलों के लिए अपनी पकड़ मजबूत करने की चुनौती भी है।
