तेज आंधी से वाराणसी एयरपोर्ट पर बिगड़ी व्यवस्था, तीन विमान लखनऊ डायवर्ट

तेज आंधी से वाराणसी एयरपोर्ट पर बिगड़ी व्यवस्था, तीन विमान लखनऊ डायवर्ट

वाराणसी (रणभेरी): सोमवार शाम अचानक बदले मौसम ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण वाराणसी पहुंचने वाले तीन विमानों को सुरक्षित लैंडिंग के लिए लखनऊ भेजना पड़ा। इससे यात्रियों के साथ एयरपोर्ट पर उन्हें लेने पहुंचे परिजनों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम बेंगलुरु और हैदराबाद से वाराणसी के लिए रवाना हुए तीन विमान निर्धारित समय के आसपास वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचे। मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने विमानों को लखनऊ डायवर्ट करने का निर्णय लिया।

बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6596 शाम करीब 5:45 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंची। खराब मौसम के कारण विमान को यहां उतरने की अनुमति नहीं मिली और उसे लखनऊ की ओर रवाना कर दिया गया।

इसके कुछ देर बाद बेंगलुरु से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1540 लगभग 5:55 बजे वाराणसी पहुंची। विमान ने कुछ समय तक लैंडिंग के लिए अनुकूल परिस्थितियों का इंतजार किया, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर इसे भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।

इसी दौरान हैदराबाद से वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 501 करीब 6:10 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंची। लगातार खराब मौसम के चलते इस विमान को भी लखनऊ भेजना पड़ा।

यात्रियों और परिजनों को करना पड़ा इंतजार

अचानक विमानों का मार्ग बदलने से एयरपोर्ट पर यात्रियों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिजन अपने रिश्तेदारों को लेने के लिए पहले ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, लेकिन विमानों के लखनऊ डायवर्ट होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, इन विमानों से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।

मौसम सुधरने के बाद शुरू हुई लैंडिंग

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, शाम के समय तेज हवाओं के साथ दृश्यता प्रभावित होने के कारण विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं थी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तीनों विमानों को लखनऊ भेजा गया।

अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 7:30 बजे के बाद मौसम में सुधार आया और वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान संचालन सामान्य होने लगा। मौसम अनुकूल होने के बाद लैंडिंग की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई। लखनऊ भेजे गए विमानों के भी बाद में वाराणसी लौटने की जानकारी दी गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *