छात्रवृत्ति पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, बोले- हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचेगी मदद

छात्रवृत्ति पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, बोले- हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचेगी मदद

(रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की। चालू वित्त वर्ष में पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि भेजी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 11 विद्यार्थियों को अपने हाथों से छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक कारणों से किसी पात्र विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र विद्यार्थियों तक समय से छात्रवृत्ति पहुंचाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

पिछली सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2016-17 में अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई थी। उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद उनकी सरकार ने पुराने और नए सत्र की छात्रवृत्ति को एक साथ उपलब्ध कराया।

सीएम के मुताबिक पहले छात्रवृत्ति पर करीब 2,900 करोड़ रुपये खर्च किए जाते थे, जबकि वर्तमान में यह राशि बढ़कर करीब 6,200 करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष 69 लाख विद्यार्थियों को 6,200 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।

नौ साल में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया गया है। उनके अनुसार पिछले वर्ष अनुसूचित जाति-जनजाति के 26.26 लाख विद्यार्थियों को 2,750 करोड़ रुपये, पिछड़ा वर्ग के 37 लाख विद्यार्थियों को 3,072 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 5.89 लाख विद्यार्थियों को 360 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। अल्प आय वर्ग के 9.40 लाख विद्यार्थियों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

छात्रवृत्ति पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, बोले- हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचेगी मदद

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण के लिए समयसीमा निर्धारित की गई है। दो अक्टूबर के अवकाश के कारण तीन अक्टूबर और 26 जनवरी तक निर्धारित राशि विद्यार्थियों के खातों में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

डीबीटी से सीधे बैंक खाते में पहुंच रही रकम

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले बड़ी संख्या में पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे और बिचौलियों की भूमिका रहती थी।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल से जनधन और बैंक खातों के विस्तार के बाद प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सरकारी योजनाओं की रकम सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना आसान हुआ है।

चार लाख विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति का मामला सुलझाया

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली बार विभिन्न कारणों से एससी-एसटी वर्ग के करीब चार लाख विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे। सरकार ने पोर्टल से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर कराया है और अब इन विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना से बाहर न रह जाए।

छात्रवृत्ति का इस्तेमाल पढ़ाई के लिए करें

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति की राशि का उपयोग शिक्षा संबंधी जरूरतों में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पाठ्य पुस्तकों के साथ संदर्भ पुस्तकें खरीदें और अपने निजी पुस्तक संग्रह को बढ़ाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को महापुरुषों की जीवनियां, ज्ञानवर्धक साहित्य और धार्मिक पुस्तकों के अध्ययन की सलाह भी दी।

दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उनके अनुसार अब तक करीब 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं और बाकी लाभार्थियों को भी जल्द इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण की सुविधा मिल रही है। पहले जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था।

अगले महीने 50 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बेटियों और जरूरतमंद परिवारों को सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अगले महीने 50 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित करने की योजना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का किया दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी थी और भवनों की स्थिति भी खराब थी। उनके मुताबिक बेसिक शिक्षा परिषद में उस समय ड्रॉपआउट की दर करीब 19-20 प्रतिशत थी।

उन्होंने कहा कि अध्ययन के दौरान यह सामने आया कि बड़ी संख्या में छात्राओं के स्कूल छोड़ने के पीछे विद्यालयों में शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी एक कारण था। इसके बाद ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर किया गया।

18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय

सीएम ने बताया कि निर्माण श्रमिकों, अनाथ और निराश्रित बच्चों के लिए प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। इन विद्यालयों में करीब 18 हजार विद्यार्थियों के प्रवेश का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बच्चों और युवाओं के लिए मौजूदा समय में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

छह माह में एक लाख और नौकरियों का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने अगले छह माह में एक लाख और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के संघर्ष का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से मेहनत और निरंतर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करना जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान रणवीर वर्मा, मिली, अजीत रावत, अंश मिश्रा, अनन्या अवस्थी, अधिकांश वर्मा, करिश्मा, अभिषेक यादव, बुशरा, साइमा और अल कैफ समेत 11 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *