वाराणसी (रणभेरी): कज्जाकपुरा क्षेत्र स्थित श्री लाट भैरव मंदिर के पीछे शुक्रवार को कुछ भड़काऊ पोस्टर लगाए जाने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। पोस्टर दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी मंदिर की प्रबंधक समिति को दी। समिति की ओर से तत्काल आदमपुर पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर के पीछे लगाए गए पोस्टरों को हटवा दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी।
पोस्टर में किया गया था मस्जिद की हिफाजत का आह्वान
मौके पर लगाए गए पोस्टर में लोगों से लाट भैरव मस्जिद की हिफाजत करने की अपील की गई थी। पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके अलावा पोस्टर लगाने वाले की पहचान के लिए अन्य संभावित माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
