वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के दौरान गोली चलने से 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह घायल हो गए। गोली उनके दाहिने कंधे में लगी और अंदर फंस गई। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सक उपचार के दौरान गोली निकालने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रवीण का अपने पिता बिंदा सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान बिंदा सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और गोली चल गई। घटना के बाद वह हथियार लेकर खुद चितईपुर थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर बिंदा सिंह को हिरासत में ले लिया है। उनसे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

दोपहर में मिली गोली चलने की सूचना
भेलूपुर थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद बिंदा सिंह चितईपुर थाने पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने बताया कि बेटे के साथ कहासुनी के दौरान रिवॉल्वर निकालते समय अचानक फायर हो गया। जांच में फिलहाल एक राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। गोली प्रवीण के दाहिने कंधे में लगी है। डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घायल युवक ने अभी घटना को लेकर अपना बयान नहीं दिया है।

नौकरी को लेकर पिता-पुत्र में होता था विवाद
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रवीण दो भाइयों में बड़े हैं और अभी अविवाहित हैं। उनका छोटा भाई अरुणाचल प्रदेश में सीमा सड़क संगठन (BRO) में नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि प्रवीण के नौकरी नहीं करने को लेकर पिता-पुत्र के बीच पहले भी विवाद होता रहा है। बिंदा सिंह लोक निर्माण विभाग (PWD) में जूनियर इंजीनियर रह चुके हैं और अरुणाचल प्रदेश से सेवानिवृत्त हुए हैं। घटना के वक्त उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर में कारतूस मौजूद था।
हथियार कब्जे में, जांच जारी
गोली चलने की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस मुद्दे पर शुरू हुआ और गोली किन परिस्थितियों में चली। फिलहाल घायल प्रवीण का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
