बीएचयू में साइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 12 साइकिलें बरामद

बीएचयू में साइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 12 साइकिलें बरामद

कैंची से काटते थे ताले, परिसर से बाहर ले जाकर राहगीरों को बेचने की करते थे कोशिश

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में लगातार हो रही साइकिल चोरी के मामलों में लंका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 12 साइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीएचयू परिसर में खड़ी साइकिलों के ताले कैंची से काटकर चोरी करते थे और बाद में उन्हें परिसर से बाहर ले जाकर राहगीरों को बेचने थे।

पुलिस के मुताबिक, बीएचयू के कई छात्रों ने साइकिल चोरी की शिकायत प्राक्टोरियल बोर्ड से की थी। इन मामलों में लंका थाने में एनसीआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से संदिग्धों की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के अनुसार, 23 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक बीएचयू परिसर में अकेला बाबा मंदिर जाने वाले रास्ते के पास चोरी की साइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 12 साइकिलें बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कन्नौजिया (20), शिवम कुमार (20) और सोहम रंगीले मिश्रा (19) के रूप में हुई है। तीनों वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

बीएचयू में साइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 12 साइकिलें बरामद

कैंची से काटते थे साइकिल का ताला

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बीएचयू परिसर में खड़ी साइकिलों को निशाना बनाते थे। कैंची की मदद से साइकिल के ताले काटकर उसे चोरी कर लेते थे। इसके बाद साइकिलों को किसी दूसरी जगह ले जाकर राहगीरों को बेचने की कोशिश करते थे।

बीएचयू में साइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 12 साइकिलें बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सूरज कन्नौजिया के खिलाफ पहले भी साइकिल चोरी और चोरी का सामान रखने के मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ लंका थाने में वर्ष 2023 में धारा 379/411 आईपीसी और फूलपुर थाने में धारा 379/411/414 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वर्तमान मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ लंका थाने में धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सात दिन पहले छात्रा ने जीपीएस की मदद से खोजी थी चोरी हुई साइकिल

बीएचयू परिसर में साइकिल चोरी का एक मामला करीब सात दिन पहले भी सामने आया था। अंग्रेजी से परास्नातक कर रही छात्रा सायरा दत्ता की साइकिल बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे चोरी हो गई थी। छात्रा ने अपनी साइकिल में जीपीएस लगा रखा था।

जीपीएस की मदद से छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूटी से साइकिल को ट्रैक करते हुए रोहनिया पहुंची, जहां एक बस्ती के पास उसकी साइकिल मिल गई। छात्रा के पहुंचने पर वहां मौजूद संदिग्ध युवक भाग गए। इसके बाद छात्रा अपनी साइकिल लेकर वापस लौट गई थी। अब बीएचयू में साइकिल चोरी के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और 12 साइकिलों की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *