वाराणसी में बारिश के बीच गिरी जर्जर दीवार: मलबे में दबकर 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

वाराणसी में बारिश के बीच गिरी जर्जर दीवार: मलबे में दबकर 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

वाराणसी (रणभेरी): लोहता थाना क्षेत्र के बखरिया गांव में बुधवार शाम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के पास बैठे 70 वर्षीय महेंद्र पटेल मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि बुधवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान महेंद्र पटेल मकान की जर्जर दीवार के सहारे बैठे हुए थे। अचानक दीवार ढह गई और वह उसके मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला।

परिजनों के मुताबिक, मलबे से बाहर निकालने के समय महेंद्र की सांसें चल रही थीं। इसके बाद उन्हें अकेलवा स्थित अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर गांव में फैलने के बाद वहां भी शोक का माहौल बन गया। परिजन शव को वापस घर ले आए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के संबंध में लोहता थाना प्रभारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी ने ऐसी किसी घटना की सूचना मिलने से इनकार किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *