वाराणसी (रणभेरी): पीलीकोठी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में एक शिक्षक द्वारा छात्रों की कथित पिटाई का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। एक छात्र की पिटाई के बाद तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने के मामले के बीच शिक्षक मजहर इब्राहिम से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में शिक्षक कुछ छात्रों को बाल पकड़कर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को कक्षा 9-सी के छात्र शाकिब की शिक्षक द्वारा पिटाई की गई थी। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी बताया जा रहा है।
पुराने वीडियो भी सोशल मीडिया पर आए सामने
शाकिब से जुड़े मामले के बाद सोशल मीडिया पर शिक्षक द्वारा छात्रों की पिटाई के कई अन्य वीडियो सामने आए हैं। वायरल वीडियो में कक्षा के अंदर कुछ छात्रों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। एक वीडियो में शिक्षक छात्रों के बाल पकड़कर उनके सिर और पीठ पर हाथ से प्रहार करते नजर आ रहे हैं।

कक्षा 9-सी के कुछ छात्रों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर छात्रों के साथ मारपीट करते हैं। छात्रों के मुताबिक, कई बार उनकी बात सुने बिना ही उन्हें सजा दी जाती है। हालांकि, छात्रों ने अन्य शिक्षकों के व्यवहार को लेकर अलग राय व्यक्त की है।
पिता ने थाने में दी थी तहरीर
शाकिब के पिता एखलाक ने मंगलवार को आदमपुर थाने में मामले को लेकर तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस स्तर पर मामले की जानकारी ली गई। बुधवार को हनुमान फाटक चौकी प्रभारी के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आई। बताया गया कि छात्र के पिता ने शिक्षक से लिखित माफीनामा लेने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ इस तरह की घटना न हो।
कॉलेज प्रशासन की चुप्पी
मामला सामने आने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) वाराणसी से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन पर संपर्क नहीं हो सका। वहीं, कॉलेज प्रशासन की ओर से भी वायरल वीडियो और शिक्षक पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब वायरल हो रहे वीडियो के बाद पूरे मामले की जांच और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों और अभिभावकों की नजर इस बात पर है कि विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में आगे क्या कदम उठाते हैं।
