लंबे वीकेंड का असर: वसंत पंचमी से गणतंत्र दिवस तक सफर महंगा, फ्लाइट्स लगभग फुल

लंबे वीकेंड का असर: वसंत पंचमी से गणतंत्र दिवस तक सफर महंगा, फ्लाइट्स लगभग फुल

वाराणसी (रणभेरी): वसंत पंचमी और 26 जनवरी के बीच पड़ रहे लंबे वीकेंड ने यात्रियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा कर दिया है। हालात यह हैं कि लोगों ने पहले से ही ट्रेन और विमान की टिकटें बुक करा ली हैं। यात्रा का दबाव बढ़ने से हवाई किराए में भारी उछाल देखने को मिल रहा है, जबकि प्रमुख रूट्स पर विमानों की केवल करीब 10 प्रतिशत सीटें ही खाली बची हैं। वाराणसी से दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और चेन्नई जाने वाली फ्लाइट्स लगभग फुल हो चुकी हैं। 22 जनवरी से 26 जनवरी के बीच लगातार हवाई किराए बढ़ते नजर आ रहे हैं।

दिल्ली रूट पर किराया स्थिर लेकिन ऊंचा

वाराणसी से दिल्ली के लिए 22 जनवरी को इंडिगो और एयर इंडिया का किराया 13,445 रुपये रहा, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 12,602 रुपये दर्ज किया गया। 26 जनवरी तक एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया बढ़कर 13,626 रुपये पहुंच गया, जबकि अन्य एयरलाइंस के किराए ऊंचे स्तर पर बने रहे।

मुंबई के लिए किराए में दोगुना उछाल

मुंबई जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है। 22 जनवरी को जहां इंडिगो और स्पाइसजेट का किराया करीब 6,800 रुपये था, वहीं 26 जनवरी तक यह बढ़कर 15 से 16 हजार रुपये के बीच पहुंच गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया भी 12,307 रुपये तक पहुंच गया है।

बंगलूरू रूट पर भी यही हाल

बंगलूरू के लिए 22 जनवरी को 6,600 से 7,200 रुपये के बीच मिलने वाला टिकट 26 जनवरी तक 12,700 से 14,000 रुपये के पार चला गया। अकासा एयर का किराया भी 13 हजार रुपये से अधिक दर्ज किया गया है। अधिकतर उड़ानों में सीटें लगभग भर चुकी हैं।

ट्रेनों में ‘नो रूम’ जैसी स्थिति

हवाई किराए बढ़ने के साथ-साथ ट्रेनों में भी हालात खराब हो गए हैं। वाराणसी से दिल्ली, मुंबई, गुजरात और अहमदाबाद जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी हो चुकी है। दिल्ली के लिए शिवगंगा और श्रमजीवी एक्सप्रेस में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रही हैं। वहीं मुंबई जाने वाली महानगरी और बनारस–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस भी वेटिंग के भरोसे चल रही हैं। अन्य रूट्स पर भी स्थिति कुछ अलग नहीं है।

गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों का पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को परेड की तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन को अनुशासित, भव्य और प्रेरक बनाने के निर्देश दिए। इस वर्ष परेड की थीम महिला सशक्तीकरण रखी गई है। इसमें महिला आधारित झांकियां, महिला कमांडो दस्ते और घुड़सवार टोलियों की भागीदारी होगी, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सके।

महिला पुलिसकर्मियों के लिए सम्मान समारोह

गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड कमांडर, महिला शक्ति केंद्र की प्रभारी, महिला दरोगा और वर्ष भर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुलिस आयुक्त अपने आवास पर शाम चार बजे सम्मान भोज आयोजित करेंगे। इसके बाद शाम सात बजे महिला पुलिसकर्मियों और आईपीएस अधिकारियों के लिए ‘बॉर्डर-2’ फिल्म का विशेष प्रदर्शन भी रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई, नवनिर्मित म्यूजियम, निर्माण कार्यों, आवासीय क्षेत्र और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। परेड टोलियों की ड्रिल, टर्नआउट और अनुशासन को उच्चतम स्तर पर रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लाइन वैभव बांगर, एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, एडीसीपी/एसीपी लाइन डॉ. ईशान सोनी और एसीपी मानसी दहिया मौजूद रहीं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *