UGC इक्विटी रेगुलेशंस 2026 के विरोध में भूख हड़ताल शुरू, शास्त्री घाट पर 24 दिन से जारी है धरना

UGC इक्विटी रेगुलेशंस 2026 के विरोध में भूख हड़ताल शुरू, शास्त्री घाट पर 24 दिन से जारी है धरना

वाराणसी (रणभेरी): UGC इक्विटी रेगुलेशंस 2026 के विरोध में वाराणसी के वरुणा किनारे स्थित शास्त्री घाट पर सवर्ण समाज का धरना प्रदर्शन जारी है। पिछले 24 दिनों से चल रहा धरना अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में बदल गया है। प्रदर्शनकारियों ने नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।

सवर्ण समाज से जुड़े गौतम मिश्रा, बृजेश मिश्रा और सनातनी चंदन बाबा रविवार रात से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि UGC इक्विटी रेगुलेशंस 2026 को वापस लिया जाए। उनका कहना है कि जब तक नियम वापस नहीं होते, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

शास्त्री घाट पर चल रहे धरने में करीब एक दर्जन से अधिक युवा शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार और UGC तक पहुंचा रहे हैं। उनका दावा है कि धीरे-धीरे आंदोलन को लोगों का समर्थन भी मिल रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 25 सितंबर के बाद आंदोलन को और व्यापक रूप देने की तैयारी है। उनका आरोप है कि सरकार की ओर से अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने आने वाले दिनों में शास्त्री घाट पर जंतर-मंतर जैसे आंदोलन का माहौल बनाने की बात कही है।

फिलहाल प्रदर्शनकारियों की मांग, भूख हड़ताल और आंदोलन की आगे की रणनीति को लेकर प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *