वाराणसी: अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौके पर मौत, चालक फरार

वाराणसी: अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौके पर मौत, चालक फरार

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई। घटना बिहड़ा गांव के पास रात करीब 11 बजे की है, जब सड़क किनारे खड़े ट्रक से उतर रहे चालक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फतेहपुर जनपद के खागा थाना क्षेत्र अंतर्गत भागेलपुर गांव निवासी गणेश पाल के रूप में हुई है। वह वाराणसी से प्रयागराज की ओर ट्रक लेकर जा रहे थे। रास्ते में तकनीकी खराबी आने पर उन्होंने वाहन को हाईवे किनारे रोक दिया था।

बताया जा रहा है कि ट्रक खड़ा करने के बाद गणेश पाल नीचे उतरकर वाहन के आगे की ओर बढ़े ही थे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मिर्जामुराद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ट्रक चालक की मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव भागेलपुर पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके। हादसे के चलते कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सामान्य करा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *