वाराणसी (रणभेरी): शुक्रवार सुबह वाराणसी के मलदहिया चौराहे पर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के पास स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल भी मौजूद थे और प्रतिमा की साफ-सफाई में भाग ले रहे थे।
इसी दौरान एक ट्रैफिक सिपाही अचानक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया और मंत्री के सामने अपनी समस्या रख दी। उसने बताया कि वह पिछले लगभग एक वर्ष से तबादले के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। सिपाही के अनुसार, उसने पुलिस आयुक्त (CP) और डीआईजी स्तर के अधिकारियों से भी गुहार लगाई, मगर उसे राहत नहीं मिली।

मीडिया की मौजूदगी के बीच थोड़ी झिझक के बावजूद सिपाही ने हिम्मत जुटाकर अपनी परेशानी साझा की। उसने कहा कि वह गंभीर स्वास्थ्य समस्या, विशेष रूप से न्यूरो संबंधी बीमारी से जूझ रहा है। इस संबंध में उसने मेडिकल दस्तावेज भी संबंधित अधिकारियों को सौंपे हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई।
सिपाही ने यह भी बताया कि वह कई बार उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के दरवाजे तक पहुंच चुका है, फिर भी उसकी समस्या जस की तस बनी हुई है। कार्यक्रम के बीच उठे इस मुद्दे ने प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मियों की समस्याओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
