(रणभेरी): बलुआ थाना क्षेत्र के पूरा कैथी गांव से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक दंपती ने पारिवारिक कलह और कथित प्रताड़ना से तंग आकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। न्याय न मिलने की स्थिति में आत्महत्या जैसे कदम उठाने की चेतावनी ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित हरिकेश तिवारी ने जुलाई 2024 में प्राची नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों के इस फैसले को परिवार की स्वीकृति नहीं मिली, जिसके चलते रिश्तों में दरार आ गई। हालात ऐसे बने कि दंपती को गांव छोड़कर कुछ समय के लिए दिल्ली जाना पड़ा, जहां उन्होंने पूजा सामग्री का काम कर अपना जीवन यापन किया।
हाल ही में गांव लौटने के बाद विवाद और अधिक गहरा गया। दंपती का आरोप है कि परिवार के लोग उन्हें संपत्ति से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं और उनके हिस्से की जमीन को बेचने की योजना बना रहे हैं। वहीं, महिला ने सास और ननद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास भी किया गया। हालांकि, पुलिस ने अब तक मामले में कोई सख्त कदम नहीं उठाया है और स्थिति को समझते हुए संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है।
मानसिक दबाव में दंपती
पीड़ित दंपती का कहना है कि लगातार चल रहे विवाद और तनाव के चलते उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और स्थानीय स्तर पर मदद न मिलने से निराश हैं।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
दंपती ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोग भी प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
