दुर्गापुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त तूफान में फंसा स्पाइसजेट का विमान, 40 यात्री घायल,10 की हालत गंभीर

दुर्गापुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त तूफान में फंसा स्पाइसजेट का विमान, 40 यात्री घायल,10 की हालत गंभीर

(रणभेरी): पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में रविवार को स्पाइसजेट का विमान लैंडिंग के दौरान तूफान में फंस गया। हादसे में कम से कम 40 यात्री घायल हो गए। इनमें से 10 हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, पायलट की सूझबूझ की वजह से विमान सुरक्षित रनवे पर उतर गया। घायलों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है।हादसा उस समय हुआ जब स्पाइसजेट का विमान पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास कर रहा था। तभी यह काल बैसाखी तूफान में फंस गया। जिसके बाद फ्लाइट के डगमगाने से केबिन में रखा सामान गिरने लगा और इससे 40 के करीब यात्री घायल हो गए।

पायलट ने खतरे को भांपते ही सीट बेल्ट का साइन ऑन कर दिया था। इसके बाद भी फूड ट्रॉली से टकराने से दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अनाम अधिकारी के हवाले से बताया गया कि सीट बेल्ट का साइन ऑन करने पर फूड सर्विस बंद कर दी जानी चाहिए थी। साथ ही सभी यात्रियों को अपनी सीट पर पहुंच जाना चाहिए था, लेकिन इन सब बातों की अनदेखी की गई।

फ्लाइट के लैंड करते ही घायलों को तुरंत हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने भी इस हादसे पर अफसोस जाहिर करते हुए, घायलों की हर संभव मदद की बात कही है।अप्रैल और मई में पूर्वी भारत में बादलों की गर्जना के साथ, बिजली गिरना और तेज हवा चलना आम मौसमी घटना है। इसे काल बैसाखी या नार्वेस्टर कहते हैं। काल बैसाखी का असर झारखंड, बिहार, प.बंगाल और ओडिशा में दिखता है।