गाजीपुर में पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, बरसाए लाठी-डंडे; तोड़ा हाथ

(रणभेरी): गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर पचराशि गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब टहलने निकले एक युवक पर गोलियां चला दी गईं। घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। गोलीबारी में पारस नाथ यादव (पुत्र श्रीनाथ यादव) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज गाजीपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
क्या है मामला
घायल पारस नाथ यादव ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे। आरोप है कि गांव के मनीष यादव, गोलू यादव समेत सात लोगों ने श्रीअंबिका यादव स्कूल के पास उन्हें घेर लिया। पहले एक गोली चलाई गई, जो उन्हें नहीं लगी। इसके बाद दूसरी गोली उनके दाहिने पैर की जंघा में जा लगी। आरोपियों ने गोली चलाने के बाद लाठी-डंडों से हमला कर सिर पर चोट पहुंचाई और हाथ तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश बनी वजह
घायल पारस ने पुलिस को बताया कि आठ महीने पहले कुसम्ही कला गांव में एक बारात के दौरान उन्होंने मनीष यादव को बाइक चोरी करते देखा था। इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। तभी से मनीष यादव उन पर समझौते का दबाव बना रहा था और लगातार धमकियां दे रहा था। इसी रंजिश में उन पर हमला किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही नंदगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नंदगंज थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गोली निकाल दी गई है और घायल की हालत फिलहाल स्थिर है।