देवर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, फोड़ डाला सिर
![देवर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, फोड़ डाला सिर](https://ranbheri.co.in/uploads/images/image_750x_67ac6d4dbbf80.jpg)
सोनभद्र (रणभेरी): सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली सुकृत चौकी क्षेत्र के झपरी बस्ती में मंगलवार की रात देवर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। लहूलुहान हाल में आरोपी देवर अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया। घायल महिला को जिला अस्पताल से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस आरोपी देवर की तलाश कर रही है। बताया जा रहा कि देवरानी और जेठानी के बीच सब्जी बनाने को लेकर विवाद हुआ था।
जवाहिर गोड़ के बड़े पुत्र गंगा (26) की तीसरी शादी कुछ दिन पूर्व ही निशा (23) से हुई है। पहली दो पत्नियां कुछ समय बाद ही संबंध तोड़कर चली गई थीं। जवाहिर के दूसरे पुत्र शिवा की पत्नी सोनी से गंगा की पत्नी निशा की कड़ाही में पहले सब्जी बनाने को लेकर कुछ कहासुनी हो रही थी।
देवरानी-जेठानी के विवाद में शिवा अचानक आक्रोशित हो उठा और कुल्हाड़ी से भाभी पर हमला कर दिया। घायलावस्था में उसे कपड़े से ढककर पत्नी के साथ फरार हो गया। जानकारी होने पर परिजन घायल महिला को अस्पताल ले जाने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस खून सने कपड़े और कुछ साक्ष्य कब्जे में लेते हुए आरोपी की धरपकड़ के लिए सक्रिय हो गई। घायल महिला निशा की स्थिति गम्भीर है। सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद देवर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला किया है। उसकी तलाश की जा रही है।