मुंबई मैराथन में परिवार संग दौड़े आमिर खान, शहर की बिगड़ती हवा पर जताई चिंता

मुंबई मैराथन में परिवार संग दौड़े आमिर खान, शहर की बिगड़ती हवा पर जताई चिंता

(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान रविवार को आयोजित टाटा मुंबई मैराथन में अपने परिवार के साथ दौड़ते नजर आए। इस मौके पर उनके साथ पूर्व पत्नी किरण राव और बच्चे जुनैद खान, इरा खान व आज़ाद राव खान मौजूद थे। मैराथन पूरी करने के बाद आमिर और किरण ने मीडिया से बातचीत की, जिसमें शहर की बिगड़ती हवा की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठा।

शहर में बढ़ते प्रदूषण पर सवाल किए जाने पर आमिर खान ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि हालात वाकई सोचने पर मजबूर कर रहे हैं। जब उनसे कहा गया कि मुंबई जैसे शहर के लोग ऐसी स्थिति के आदी नहीं हैं, तो अभिनेता ने सहमति जताई।

इस पर किरण राव ने कहा कि सिर्फ शिकायत करने से समाधान नहीं निकलेगा। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि प्रदूषण के कारणों को समझना और एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर आवाज उठाना जरूरी है। आमिर खान ने भी उनकी बात से सहमति जताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को सकारात्मक तरीके से योगदान देना चाहिए, तभी हालात बदलेंगे।

आमिर खान ने यह भी साझा किया कि इस बार मैराथन में शामिल होने की प्रेरणा उन्हें अपनी बेटी से मिली। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ में जिस तरह का उत्साह देखने को मिला, उसने उन्हें हर साल इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अभिनेता ने मुंबई की जज़्बे और सामूहिक भावना की सराहना भी की।

मैराथन में आमिर खान के अलावा राहुल बोस, निकिता दत्ता, डिनो मोरिया, विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज सहित कई फिल्मी हस्तियां भी नजर आईं।

टाटा मुंबई मैराथन का 21वां संस्करण

रविवार को टाटा मुंबई मैराथन का 21वां संस्करण आयोजित किया गया। इस साल आयोजन ने नया रिकॉर्ड बनाया, जिसमें 69 हजार से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया। इनमें करीब 65,400 धावक मैदान पर उतरे, जबकि 3,700 प्रतिभागियों ने वर्चुअल रन में हिस्सा लिया।

मैराथन की शुरुआत और समापन दक्षिण मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हुआ। इस बार हाफ मैराथन में पहली बार मुंबई के नए कोस्टल रोड को रूट में शामिल किया गया। प्रतियोगिता को फुल मैराथन, हाफ मैराथन, ओपन 10K, ड्रीम रन, सीनियर सिटिजन रन और दिव्यांगजनों के लिए विशेष श्रेणियों में विभाजित किया गया था। मैराथन के लिए पंजीकरण अगस्त से नवंबर 2025 के बीच हुए थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *