जापानी छात्रों से मिले सीएम योगी, ‘ओहायो गोजाइमासु’ से किया स्वागत

जापानी छात्रों से मिले सीएम योगी, ‘ओहायो गोजाइमासु’ से किया स्वागत

(रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर जापान से आए विद्यार्थियों से मुलाकात की। यूपी-जापान निवेश बैठक के तहत आयोजित ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ कार्यक्रम में भारत और जापान के विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और अनुभवों को समझने का अवसर पाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जापानी छात्रों का आत्मीयता से स्वागत किया और दोनों देशों के बीच युवा संवाद को भविष्य के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी भाषा में ‘ओहायो गोजाइमासु’ कहकर विद्यार्थियों का अभिवादन किया। जापान से आए 13 छात्र-छात्राओं और उनके फैकल्टी सदस्यों ने लखनऊ के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। बातचीत के दौरान शिक्षा, संस्कृति, परंपरा और दोनों देशों के आपसी संबंधों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए गए।

जापानी छात्रों से मिले सीएम योगी, ‘ओहायो गोजाइमासु’ से किया स्वागत

जापानी गीत पर छात्रों ने दी प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान जापानी विद्यार्थियों ने गीत प्रस्तुत किया। छात्रों की प्रस्तुति सुनकर मुख्यमंत्री योगी ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का माहौल उस समय और खुशनुमा हो गया, जब विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाने की इच्छा जताई।

कुछ छात्र थोड़ी दूरी से सेल्फी लेने का प्रयास कर रहे थे। यह देखकर मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने पास बुलाया और सभी के साथ सहज अंदाज में फोटो खिंचवाई। इसी दौरान एक छात्र ने मुख्यमंत्री के कंधे पर हाथ रखकर सेल्फी ली। इस सहज और अनौपचारिक पल पर योगी आदित्यनाथ जोर से हंस पड़े। मुख्यमंत्री का यह अंदाज देखकर वहां मौजूद छात्र भी काफी उत्साहित नजर आए।

यूपी के ईशान ने सुनाया भगवान श्रीराम को समर्पित गीत

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के छात्र ईशान ने भगवान श्रीराम को समर्पित ‘कौशल्या दशरथ के नंदन’ गीत की प्रस्तुति दी। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े इस गीत ने कार्यक्रम में मौजूद जापानी विद्यार्थियों का भी ध्यान आकर्षित किया।

जापानी छात्रों से मिले सीएम योगी, ‘ओहायो गोजाइमासु’ से किया स्वागत

जापान से आई छात्रा मियागी मोतो ने भारत में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार बिंदी लगाई। उनके मुताबिक, यह अनुभव उनके लिए खास रहा और उन्हें बिंदी लगाना काफी अच्छा लगा। उन्होंने भारत की यात्रा को अलग तरह का सांस्कृतिक अनुभव बताया।

योगी बोले- यह सिर्फ छात्रों की मुलाकात नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और जापान के विद्यार्थियों का यह संवाद केवल एक सामान्य छात्र मिलन तक सीमित नहीं है। यह दोनों देशों की संस्कृतियों, परंपराओं और युवा पीढ़ियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान का अवसर है।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारत और जापान के लोगों के बीच आपसी समझ को बढ़ाने में मदद करते हैं। युवा पीढ़ी दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है। विद्यार्थियों के बीच होने वाला संवाद भविष्य में शिक्षा, संस्कृति, तकनीक और आर्थिक सहयोग के नए अवसरों का आधार बन सकता है।

जापानी छात्रों के लिए यूपी को करीब से जानने का अवसर

मुख्यमंत्री ने जापान से आए विद्यार्थियों से उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने-समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रमुख केंद्र है। यहां की विरासत को समझना भारत को समझने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की विशाल जनसंख्या और विविध सांस्कृतिक स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश देश के सबसे बड़े राज्यों में शामिल है और यहां अलग-अलग क्षेत्रों की अपनी विशिष्ट परंपराएं एवं सांस्कृतिक पहचान हैं।

जापानी छात्रों से मिले सीएम योगी, ‘ओहायो गोजाइमासु’ से किया स्वागत

भारत-जापान संबंधों में युवाओं की भूमिका पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि भारत और जापान के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों और युवाओं के बीच सीधे संवाद से रिश्तों को सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि जापान से आए विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश की यात्रा केवल शैक्षिक अनुभव नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, अध्यात्म, इतिहास और परंपराओं को जानने का अवसर भी है। वहीं, लखनऊ के विद्यार्थियों को भी जापानी समाज और वहां की संस्कृति को समझने का मौका मिल रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जापानी विद्यार्थियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बिताए इन पलों को कैमरे में कैद किया। कार्यक्रम में औपचारिक संवाद के साथ-साथ छात्रों और मुख्यमंत्री के बीच सहज बातचीत का माहौल भी देखने को मिला। भारत और जापान के विद्यार्थियों की यह मुलाकात दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद और युवा सहभागिता की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *