वाराणसी में तीन लोगों पर जानलेवा हमला, साड़ी कारीगर की पत्थर से कूंचकर हत्या, दो घायल

वाराणसी में तीन लोगों पर जानलेवा हमला, साड़ी कारीगर की पत्थर से कूंचकर हत्या, दो घायल

वाराणसी (रणभेरी): आदमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार भोर एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। घर और दुकानों के बाहर सो रहे तीन लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से करीब 40 वर्षीय साड़ी कारीगर पप्पू विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में पान दुकानदार अशोक पासी उर्फ बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गणेशु कनौजिया को मामूली चोटें आई हैं।

यह घटना शनिवार तड़के करीब तीन बजे आदमपुर पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई है। अचानक हुए हमले के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

दुकानों के बाहर सो रहे थे तीनों

स्थानीय लोगों के अनुसार, पप्पू विश्वकर्मा साड़ी से जुड़े काम में लगे थे और साड़ी का पत्ता काटने का काम करते थे। शुक्रवार रात काम समाप्त करने के बाद वह दुकान के बाहर ही सो गए थे। उनके आसपास पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया भी अपनी-अपनी दुकानों के सामने सो रहे थे।

बताया जा रहा है कि भोर में अचानक कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों पर ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने खास तौर पर पप्पू के सिर को निशाना बनाया। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अशोक पासी के सिर में गंभीर चोटें आईं। गणेशु को भी हमले में चोट लगी, हालांकि उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।

वाराणसी में तीन लोगों पर जानलेवा हमला, साड़ी कारीगर की पत्थर से कूंचकर हत्या, दो घायल

शोर सुनकर पहुंचे लोगों पर भी पथराव

हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। आरोप है कि हमलावरों ने वहां पहुंचे लोगों को भी डराने के लिए ईंट-पत्थर चलाए। अचानक हुए पथराव के कारण लोग पीछे हट गए। इसके बाद हमलावर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग निकले।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पप्पू विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अशोक पासी और गणेशु का उपचार शुरू किया गया।

वाराणसी में तीन लोगों पर जानलेवा हमला, साड़ी कारीगर की पत्थर से कूंचकर हत्या, दो घायल

आला अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एडीसीपी वैभव बांगर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। एसीपी कोतवाली समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से ईंट-पत्थरों सहित अन्य संभावित साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया।

कुछ दिन पहले विवाद की बात आई सामने

पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि घटना से कुछ दिन पहले पप्पू और उनके साथियों का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। हालांकि यह विवाद किस व्यक्ति से हुआ था और उसके पीछे क्या कारण था, इसकी अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हमले से जोड़कर जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे आपसी रंजिश या पुराना विवाद वजह हो सकता है। हालांकि आरोपियों की पहचान और घटना का वास्तविक कारण सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

CCTV कैमरों से हमलावरों की तलाश

पुलिस ने हनुमान फाटक और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय मौके पर कितने लोग मौजूद थे और हमला करने के बाद आरोपी किस दिशा में भागे। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों से हमलावरों के हुलिए और उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव

भोर के समय हुई इस हत्या से हनुमान फाटक इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पुलिस चौकी के इतने करीब वारदात हो गई। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, हमलावरों की संख्या और उनकी पहचान का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *