वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के आवास के समीप स्थित एक कॉलोनी में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चांदमारी इलाके के श्री कृष्णापुरम कॉलोनी, दादूपुर में अवकाश प्राप्त शिक्षक के घर सेंध लगाकर चोर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए।
पीड़ित नंदलाल उपाध्याय के अनुसार, वह 10 जनवरी को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने पैतृक गांव कटौना गए थे। घर की देखरेख के लिए पास में रहने वाले बड़े भाई वीरेंद्र उपाध्याय थे। इसी दौरान वीरेंद्र ने फोन कर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर नंदलाल जब दोपहर में चांदमारी स्थित आवास पहुंचे तो मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले, जबकि अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
नंदलाल उपाध्याय ने बताया कि चोर उनकी पत्नी, बहू और पोती के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। चोरी गए सामान में चार सोने की चेन, दस अंगूठियां, एक हार, एक मंगलसूत्र, छह जोड़ी कान की बालियां, दो मांगटीका, ईयररिंग, दो नथिया के साथ-साथ चांदी की चार जोड़ी पायल, कटोरी, प्लेट और गिलास शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पर कॉल की गई। इसके बाद शिवपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के लोगों का कहना है कि चांदमारी क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त न होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब तक कई वारदातों का खुलासा नहीं हो सका है।
इस मामले में शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की पहचान के प्रयास जारी हैं और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
