जौनपुर में नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस, महिला की मौत के पांच महीने बाद दर्ज हुई एफआईआर

जौनपुर में नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस, महिला की मौत के पांच महीने बाद दर्ज हुई एफआईआर

(रणभेरी): जौनपुर जिले में तैनात एक नायब तहसीलदार के खिलाफ शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मानसिक प्रताड़ना देने और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई महिला की मौत के करीब पांच महीने बाद उसकी मां की शिकायत पर की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना मीरगंज थाना क्षेत्र से जुड़ी है। आरोपित अधिकारी वर्तमान में केराकत तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत है। मृतका ने 9 मार्च 2026 को अपने मायके में आत्महत्या कर ली थी। अब परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता की मां का कहना है कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2014 में बरसठी क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। विवाह के बाद एक बेटी का जन्म हुआ, जिसकी उम्र करीब 10 वर्ष है। पति रोजगार के सिलसिले में सूरत में रहता था। वर्ष 2024 में उनकी बेटी अपनी बच्ची के साथ सुल्तानपुर जाकर रहने लगी, जहां उसकी बड़ी बहन पहले से रहती थी।

परिवार के अनुसार, सुल्तानपुर में रहने के दौरान बेटी की मुलाकात विवेक श्रीवास्तव नामक व्यक्ति से हुई, जो उस समय राजस्व विभाग में कानूनगो था। बाद में उसका प्रमोशन होकर वह नायब तहसीलदार बन गया। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

शादी का वादा कर बनाए संबंध, पति से अलग होने का दबाव

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवेक ने बेटी से शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास में उसके साथ संबंध बनाए। इतना ही नहीं, उसने महिला को अपने पति से अलग होने और तलाक लेने के लिए भी प्रेरित किया। आरोप है कि महिला ने उसके कहने पर करीब डेढ़ वर्ष पहले तलाक की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी थी। परिजनों का कहना है कि इस दौरान दोनों लगातार संपर्क में रहे और आरोपी महिला के किराये के कमरे पर भी आता-जाता था।

जौनपुर में नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस, महिला की मौत के पांच महीने बाद दर्ज हुई एफआईआर

तबादले के बाद बदला व्यवहार

शिकायत के अनुसार, लगभग एक वर्ष पहले विवेक का तबादला जौनपुर के मछलीशहर में नायब तहसीलदार के पद पर हो गया। इसके बाद भी महिला समय-समय पर उससे मिलने जाया करती थी। शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में आरोपी का व्यवहार बदल गया।

मां का आरोप है कि वह महिला को घुमाने के बहाने ले जाता और उसकी अश्लील वीडियो बना लेता था। इतना ही नहीं, उसने महिला पर अपने कुछ सहकर्मियों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। विरोध करने पर मारपीट, धमकी और लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी।

प्रताड़ना से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रहे उत्पीड़न और मानसिक तनाव के कारण महिला पूरी तरह टूट चुकी थी। आखिरकार 9 मार्च 2026 को उसने अपने मायके में आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार ने काफी समय तक न्याय की लड़ाई लड़ी और अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि केराकत तहसील में तैनात नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच मीरगंज थाना प्रभारी को सौंपी गई है। जांच के दौरान सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।

प्रशासन का बयान

एडीएम परमानंद झा ने कहा कि नायब तहसीलदार के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *