वाराणसी (रणभेरी): लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने बेटे को स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बनी फिसलन के चलते उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। गिरने के दौरान उनका सिर सड़क से टकरा गया, जिससे गंभीर चोट आई। अधिक रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सिरसा गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय (35) के रूप में हुई है। वह पेशे से शटरिंग मिस्त्री थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, अभिषेक प्रतिदिन सुबह अपने बच्चे को घर से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर स्थित एक निजी स्कूल छोड़ने जाते थे। शुक्रवार को भी वह रोज की तरह बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे।
घर पहुंचने से पहले हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि जब अभिषेक अपने गांव की ओर लौट रहे थे, तभी छितौनी गांव के समीप, घर से करीब दो किलोमीटर पहले उनकी बाइक बारिश की वजह से फिसल गई। सड़क पर कीचड़ और फिसलन अधिक होने के कारण वह संतुलन नहीं बना सके और सड़क पर गिर पड़े। गिरते समय उनका सिर सड़क से जोरदार तरीके से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी।
लोगों ने पहुंचाई मदद, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सड़क पर घायल अवस्था में देखा। उनके सिर से लगातार खून बह रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि अभिषेक अपने पिता प्रमोद उपाध्याय के दो बेटों और एक बेटी में सबसे बड़े थे। परिवार की जिम्मेदारियां भी उन्हीं के कंधों पर थीं।
बाइक सुरक्षित रही, सिर की चोट बनी मौत की वजह
हादसे की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दुर्घटना में बाइक को लगभग कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि सड़क पर गिरने के दौरान सिर में आई गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलने पर लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
