‘क्वीन 2’ पर कानूनी विवाद, फैंटम स्टूडियोज ने जियो स्टूडियोज के खिलाफ दायर किया 250 करोड़ रुपये का मुकदमा

‘क्वीन 2’ पर कानूनी विवाद, फैंटम स्टूडियोज ने जियो स्टूडियोज के खिलाफ दायर किया 250 करोड़ रुपये का मुकदमा

(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘क्वीन 2’ की शूटिंग पूरी होने के बाद फिल्म कानूनी विवाद में फंस गई है। साल 2014 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘क्वीन’ के सीक्वल को लेकर प्रोडक्शन अधिकारों का विवाद सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैंटम स्टूडियोज ने जियो स्टूडियोज के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में करीब 250 करोड़ रुपये का दावा करते हुए याचिका दाखिल की है।

फैंटम स्टूडियोज का आरोप है कि ‘क्वीन 2’ का निर्माण उसकी अनुमति के बिना किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि मूल फिल्म ‘क्वीन’ के अधिकारों में उसका 50 प्रतिशत हिस्सा है और इसमें सीक्वल बनाने के अधिकार भी शामिल हैं। ऐसे में बिना सहमति के फिल्म का अगला भाग तैयार करना अधिकारों का उल्लंघन है।

सीक्वल के अधिकारों को लेकर विवाद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फैंटम स्टूडियोज का दावा है कि उसने किसी भी सीक्वल, रीमेक, रूपांतरण या फिल्म से जुड़े किसी नए प्रोजेक्ट के लिए अपनी मंजूरी नहीं दी थी। कंपनी ने आरोप लगाया कि उसने मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

कंपनी का कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद दूसरी तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया।

‘क्वीन 2’ की शूटिंग पूरी, पोस्ट-प्रोडक्शन जारी

विवाद के बीच ‘क्वीन 2’ का काम आगे बढ़ चुका है। फिल्म की शूटिंग इसी साल की शुरुआत में शुरू हुई थी और अब इसे पूरा कर लिया गया है। फिल्म फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है, जिसमें एडिटिंग और अन्य तकनीकी काम किए जा रहे हैं।फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस कानूनी विवाद पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कैसे शुरू हुआ था फैंटम स्टूडियोज

‘क्वीन’ का निर्माण फैंटम फिल्म्स के बैनर तले किया गया था। इस कंपनी की शुरुआत फिल्म निर्माता विकास बहल, अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवानी और मधु मंटेना ने मिलकर की थी।

कुछ वर्षों बाद कंपनी के अंदर मतभेद सामने आए और 2019 में फैंटम फिल्म्स का संचालन बंद कर दिया गया। इसके बाद 2021 में फैंटम स्टूडियोज के रूप में कंपनी दोबारा सक्रिय हुई। इसी दौर में रिलायंस समूह ने कंपनी से जुड़े कुछ अधिकार खरीदे थे।

कई चर्चित फिल्मों से जुड़ा रहा है फैंटम का नाम

फैंटम ने हिंदी सिनेमा की कई चर्चित फिल्मों का निर्माण किया है। इनमें क्वीन, हंसी तो फंसी, बॉम्बे वेलवेट, मसान, उड़ता पंजाब, मनमर्जियां और सुपर 30 जैसी फिल्में शामिल हैं। अब ‘क्वीन 2’ को लेकर शुरू हुआ यह विवाद फिल्म की रिलीज और आगे की प्रक्रिया पर क्या असर डालता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *