नदेसर भूमि विवाद में नया मोड़, सपा नेता इस्तकबाल कुरैशी ने लगाए गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

नदेसर भूमि विवाद में नया मोड़, सपा नेता इस्तकबाल कुरैशी ने लगाए गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

वाराणसी (रणभेरी): नदेसर इलाके में जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ चल रहे कथित भ्रामक प्रचार को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता इस्तकबाल कुरैशी ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

इस्तकबाल कुरैशी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर उनके खिलाफ यह प्रचार किया जा रहा है कि वह नदेसर क्षेत्र की जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वास्तविकता इसके विपरीत है और जिन लोगों पर सवाल उठने चाहिए, वही लोग दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।

VDA अधिकारियों और भू-माफियाओं की मिलीभगत का लगाया आरोप

प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेता ने नदेसर क्षेत्र में सक्रिय कुछ लोगों पर जमीनों से जुड़े मामलों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफियाओं को वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के कुछ निचले स्तर के अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि मामले में जेई और जोनल स्तर के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। कुरैशी ने कुछ लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि जमीन विवाद में उनकी भूमिका संदिग्ध है।

नदेसर भूमि विवाद में नया मोड़, सपा नेता इस्तकबाल कुरैशी ने लगाए गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

उन्होंने जिन नामों का उल्लेख किया, उनमें:

अखिलेश तिवारी
राजकुमार जायसवाल
दीपक कुमार वर्मा
सुरेश कुमार पांडेय

प्लॉट नंबर को लेकर उठाए सवाल

कुरैशी ने आरोप लगाया कि प्लॉट नंबर 395 के दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए प्लॉट नंबर 349 की जमीन पर कब्जे की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि प्लॉट नंबर 349 की जमीन सार्वजनिक उपयोग से जुड़ी है, जिसमें डस्टबिन, यूरिनल, पार्क और रास्ते जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राजस्व अभिलेखों, दस्तावेजों और जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके।

नदेसर भूमि विवाद में नया मोड़, सपा नेता इस्तकबाल कुरैशी ने लगाए गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

परिवार पर मुकदमे दर्ज कराने का लगाया आरोप

सपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस घटना को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, उस समय उनके परिवार के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि उनका छोटा भाई उस दिन कचहरी में वकालत कर रहा था, जबकि वह खुद एक कार्यक्रम में मौजूद थे और दूसरा भाई अपनी दुकान पर था। इसके बावजूद उनके परिवार के तीनों सदस्यों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिए गए।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील

इस्तकबाल कुरैशी ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद में किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए और दस्तावेजों व तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल नदेसर जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। प्रशासनिक स्तर पर जांच या कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *