वाराणसी पहुंचेेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दो दिवसीय प्रवास में धार्मिक, सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों में होंगे शामिल

वाराणसी पहुंचेेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दो दिवसीय प्रवास में धार्मिक, सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों में होंगे शामिल

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार की शाम अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान उनका कार्यक्रम धार्मिक दर्शन, सामाजिक समारोह और विभिन्न सरकारी योजनाओं के शुभारंभ से जुड़ा रहेगा। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं और यातायात के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।

शाम को बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम लगभग छह बजे के बाद पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां वे विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करेंगे।

विवाह समारोह में होंगे शामिल

धार्मिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रोहनिया क्षेत्र स्थित एक होटल में आयोजित उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र अनिमेश के विवाह समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नवविवाहित दंपति को शुभकामनाएं देंगे तथा समारोह में उपस्थित अतिथियों से भी मुलाकात करेंगे। रात्रि विश्राम का कार्यक्रम सर्किट हाउस में निर्धारित किया गया है।

शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

दौरे के दूसरे दिन बुधवार को मुख्यमंत्री बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल पहुंचेंगे। यहां वे बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अन्य पात्र कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर और आसान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना आर्थिक परेशानी के सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज करा सकें।

छात्रों को डीबीटी के माध्यम से मिलेगी छात्रवृत्ति

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य शैक्षणिक सहायता राशि का डिजिटल माध्यम से हस्तांतरण भी करेंगे। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के जरिए पात्र छात्रों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी। इससे लाभार्थियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

कार्यक्रम के बाद विंध्याचल के लिए होंगे रवाना

सरकारी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मिर्जापुर जनपद स्थित विंध्याचल धाम के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है, जहां वे आगे के निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

सुरक्षा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव

मुख्यमंत्री के वाराणसी प्रवास को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गोदौलिया से मैदागिन तक का मार्ग निर्धारित समय के लिए नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *