दिल्ली में मौसम बिगड़ने से आठ उड़ानें लखनऊ मोड़ी गईं, कई घंटे बाद गंतव्य के लिए रवाना

दिल्ली में मौसम बिगड़ने से आठ उड़ानें लखनऊ मोड़ी गईं, कई घंटे बाद गंतव्य के लिए रवाना

(रणभेरी): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देर रात मौसम के अचानक खराब हो जाने से हवाई यातायात प्रभावित हो गया। खराब दृश्यता और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण कई विमानों को दिल्ली में उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने कुछ उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया, जिनमें आठ विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारे गए।

एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, रात भर लखनऊ एयरपोर्ट पर असामान्य रूप से विमानों की आवाजाही रही। दिल्ली जाने वाली विभिन्न एयरलाइनों की उड़ानें यहां सुरक्षित उतारी गईं और मौसम में सुधार होने तक उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोका गया। बाद में दिल्ली में स्थिति सामान्य होने पर इन विमानों को क्रमवार रवाना किया गया।

सबसे पहले आंध्र प्रदेश से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-2904 को डायवर्ट कर लखनऊ भेजा गया। यह विमान मध्यरात्रि के आसपास लखनऊ पहुंचा। कुछ समय इंतजार के बाद मौसम अनुकूल होने पर इसे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। विमान में 156 यात्री मौजूद थे।

इसी क्रम में अहमदाबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-932 भी लखनऊ उतरी। विमान कुछ समय तक यहां खड़ा रहा और बाद में दिल्ली के लिए उड़ान भर गया। इस उड़ान में करीब 230 यात्री सवार थे।

इसके अलावा पटना से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1029, उड़ीसा से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई-1847 तथा मंगलौर से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6457 को भी लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।

रात के दौरान अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी मौसम का असर देखने को मिला। कजाकिस्तान से दिल्ली आ रही एयर अस्ताना की उड़ान केसी-963 को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। वहीं नासिक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6636 को भी लखनऊ में उतारना पड़ा। इसके अतिरिक्त स्पाइसजेट की पटना-दिल्ली उड़ान एसजी-2478 भी देर रात लखनऊ पहुंची।

एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी विमानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर भेजा गया था। मौसम सामान्य होने के बाद सभी उड़ानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

लखनऊ में भी मौसम का असर, कई उड़ानें देर से उड़ीं

शनिवार सुबह लखनऊ में भी मौसम ने विमान संचालन को प्रभावित किया। खराब मौसम और परिचालन संबंधी कारणों से कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी दर्ज की गई। दुबई जाने वाली फ्लाइ दुबई की उड़ान एफजेड-444 अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटे बाद रवाना हुई। इसी तरह रियाद के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइनेस की सेवा भी विलंब से संचालित हुई।

मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1027 भी निर्धारित समय से देरी से रवाना हुई। वहीं दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2146 और कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-505 को भी तय समय से बाद में उड़ान भरनी पड़ी।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण उड़ानों के संचालन कार्यक्रम में अस्थायी बदलाव करना पड़ा। हालांकि बाद में मौसम में सुधार आने के साथ ही सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो गईं और यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजा गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *