वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर काशी में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित मैदान में उतरा, जहां प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री यहां चौकाघाट क्षेत्र में आयोजित मुख्य समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे, जहां केंद्र सरकार की 12 वर्ष की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को केंद्र में रखकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सीएम प्रदर्शनी क्षेत्र का भ्रमण करेंगे तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी करेंगे। साथ ही वे लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभाव का फीडबैक लेंगे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित कई प्रमुख योजनाओं के लाभार्थियों को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं पात्र लोगों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र वितरित करेंगे। इस आयोजन में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
स्थानीय उत्पादों और ओडीओपी की झलक ने खींचा ध्यान
जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत वाराणसी की पारंपरिक और सांस्कृतिक पहचान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। यहां बनारसी पान, लस्सी, लौंगलता और तिरंगा बर्फी जैसे प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी के हस्तशिल्प और अन्य पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिससे स्थानीय कारीगरों को मंच मिल रहा है।

विभिन्न विभागों जैसे महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, पर्यटन, हथकरघा, श्रम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सेवायोजन, कौशल विकास मिशन, पंचायती राज, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग सहित कई इकाइयों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं, जहां योजनाओं की जानकारी के साथ लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र जांच, सामान्य ओपीडी सेवाएं, आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दिव्यांगजनों के लिए विशेष मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है, जो प्रमाणपत्र जारी करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग कर रही है।
सड़क परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे मुख्यमंत्री
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में शहर के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसमें विशेष रूप से दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में निर्माणाधीन नेशनल सेंटर फॉर एजिंग का निरीक्षण करेंगे। बीएचयू में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर संबोधन भी देंगे।
पूरे दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं, वहीं शहर में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की झलक इस आयोजन में साफ दिखाई दे रही है।
