बीएचयू के डलमिया हॉस्टल मेस में सब्जी में छिपकली मिलने से हंगामा, छात्रों का विरोध प्रदर्शन

बीएचयू के डलमिया हॉस्टल मेस में सब्जी में छिपकली मिलने से हंगामा, छात्रों का विरोध प्रदर्शन

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डलमिया हॉस्टल में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब छात्रों ने मेस के भोजन में कथित रूप से छिपकली पाए जाने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी फैलते ही हॉस्टल परिसर में छात्रों की भीड़ इकट्ठा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता और मेस प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते हॉस्टल परिसर में नाराज छात्रों की संख्या बढ़ती गई और स्थिति काफी देर तक गरमाई रही।

सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य और संबंधित हॉस्टल के वार्डन तुरंत मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और यदि लापरवाही पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद कुछ समय तक हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। फिलहाल विश्वविद्यालय स्तर पर मामले की जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *