वाराणसी (रणभेरी): केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय रोजगार अभियान के अंतर्गत शनिवार को देशभर में आयोजित रोजगार मेले में हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसी कड़ी में वाराणसी के बरेका स्थित रेलवे सिनेमा सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां 200 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में युवाओं और उनके परिजनों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में रेलवे, बैंकिंग सेवाएं, एयरपोर्ट अथॉरिटी, गृह मंत्रालय, डाक विभाग सहित कई केंद्रीय संस्थानों में चयनित युवक-युवतियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपे गए। समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रहीं। उन्होंने मंच से एक-एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि युवाओं की ऊर्जा ही देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा मिला है, जिससे योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले युवाओं से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित रोजगार मेलों से जुड़े अभ्यर्थियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में आज के युवा सबसे बड़ी शक्ति साबित होंगे।
कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आज नियुक्ति पाने वाले सभी अभ्यर्थी अपने-अपने विभागों में पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करेंगे और देश की प्रगति में योगदान देंगे।
वहीं पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और उसके वैश्विक प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। हर देश अपने स्तर पर चुनौतियों से निपटने का प्रयास कर रहा है और भारत सरकार भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया विदेश यात्राएं भारत के लिए काफी लाभकारी साबित होंगी। इन दौरों से निवेश के नए अवसर बढ़ेंगे, वैश्विक साझेदारी मजबूत होगी और ऊर्जा संसाधनों के नए विकल्प तलाशने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद भारत ने बेहतर प्रबंधन के जरिए अपनी स्थिति को अन्य देशों की तुलना में काफी मजबूत बनाए रखा है।
रोजगार मेले के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, अभ्यर्थियों के परिजन और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई अभ्यर्थियों ने इसे अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन बताते हुए केंद्र सरकार की रोजगार पहल की सराहना की।
