कैथी घाट पर दर्दनाक हादसा: गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से युवक की मौत

कैथी घाट पर दर्दनाक हादसा: गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से युवक की मौत

वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैथी स्थित गंगा घाट पर बुधवार भोर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक युवक की गंगा स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के सैदपुर भीतरी गांव निवासी 35 वर्षीय गणपत प्रजापति अपने दो मित्रों सतीश और चंदन के साथ तड़के लगभग 5 बजे कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर पहुंचे थे। दर्शन से पहले तीनों मित्र गंगा स्नान के लिए मंदिर के कुटी घाट पर पहुंचे।

बताया जाता है कि स्नान के दौरान करीब 5:30 बजे के आसपास अचानक गणपत का पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी की ओर चला गया और तेज धारा में बहने लगा। यह दृश्य देख उसके दोनों साथी घबरा गए और तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने और पानी के तेज बहाव के चलते वे सफल नहीं हो सके।

दोनों मित्रों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन तब तक गणपत पानी में ओझल हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मौके पर मौजूद मृतक के मित्रों सतीश और चंदन ने पुलिस को बताया कि स्नान के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि गंगा का प्रवाह तेज होने के कारण वे अपने मित्र को बचा नहीं सके।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी कैथी घाट पहुंच गए। परिवार में पत्नी रेखा, पुत्र सत्यम और पुत्री शिवांगी का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घाट पर गहराई और तेज बहाव वाले स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी व्यवस्था की कमी भी ऐसे हादसों का कारण बनती है। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *