काशी में ड्यूटी के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला और हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

काशी में ड्यूटी के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला और हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

वाराणसी (रणभेरी): काशी विश्वनाथ धाम मार्ग के पास मंगलवार देर रात एक महिला और पीएसी के हेड कॉन्स्टेबल के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के बाद संबंधित हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 से कुछ दूरी पर स्थित फूलमंडी क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में तैनात हेड कॉन्स्टेबल राधेश्याम यादव ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान सड़क किनारे लगी दुकानों को हटाने को लेकर उनका कुछ दुकानदारों से विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि सत्यनारायण मंदिर के समीप फूल और पूजा सामग्री बेचने वाली महिला पूजा से पुलिसकर्मी की कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर हेड कॉन्स्टेबल ने कथित रूप से दुकान का सामान हटाना शुरू कर दिया और कुछ सामान सड़क पर फेंक दिया। इससे नाराज महिला ने पास में रखी लाठी उठा ली और पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया।

काशी में ड्यूटी के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला और हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला द्वारा हमला किए जाने के बाद हेड कॉन्स्टेबल ने लाठी छीनने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया और हाथापाई की। वहीं महिला भी लगातार विरोध करती रही और दोबारा डंडे से हमला करने लगी। घटनास्थल पर मौजूद लोग काफी देर तक तमाशबीन बने रहे, हालांकि बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला पिछले कई वर्षों से मंदिर क्षेत्र के आसपास फूल-माला और पूजा सामग्री बेचने का काम करती है। पहले उसकी दुकान चौक क्षेत्र के सामने लगती थी, लेकिन हटाए जाने के बाद वह सत्यनारायण मंदिर के नीचे दुकान लगाने पहुंची थी। इसी को लेकर विवाद की स्थिति बनी।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल की भूमिका प्रथम दृष्टया गलत पाई गई। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

काशी में ड्यूटी के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला और हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

इधर, मंदिर प्रशासन ने भी वायरल वीडियो को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को गलत तरीके से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर से जोड़कर पेश किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि घटना मंदिर परिसर या धाम क्षेत्र के भीतर की नहीं है। साथ ही भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग पुलिस के रवैये और कानून-व्यवस्था को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *