एक्टर ने कहा- “मुझे गिरफ्तार नहीं किया गया, सोशल मीडिया पर फैल रही खबर भ्रामक”
(रणभेरी): टीवी अभिनेता प्रिंस नरूला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उन्हें पुलिस के साथ ले जाते हुए दिखाया गया। इसके बाद कई यूजर्स ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, गुरुवार को खुद प्रिंस नरूला ने इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए ऐसी सभी खबरों को गलत और भ्रामक बताया।
टेलीचक्कर से बातचीत में प्रिंस ने स्पष्ट किया, “यह एक ब्रांड शूट का हिस्सा था। मुझे गिरफ्तार नहीं किया गया है।” उन्होंने कहा कि वायरल क्लिप किसी शूट का दृश्य है, जिसे गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया कि कथित तौर पर दिल्ली में एक मस्जिद (अवैध निर्माण) हटाने के दौरान हुए विवाद या भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में उन्हें पकड़ा गया है। प्रिंस ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
कौन हैं प्रिंस नरूला?
प्रिंस नरूला को टीवी इंडस्ट्री में ‘रियलिटी शो के किंग’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने लगातार बड़े रियलिटी शोज़ जीतकर पहचान बनाई। साल 2015 में वह MTV रोडीज X2 के विनर रहे और उसी वर्ष MTV स्प्लिट्सविला 8 भी जीता। 2015-16 में बिग बॉस 9 जीतकर उन्होंने जीत की हैट्रिक पूरी की। 2019 में पत्नी युविका चौधरी के साथ नच बलिए 9 भी अपने नाम किया। अभिनय की बात करें तो प्रिंस ने टीवी शो बढ़ो बहू में मुख्य भूमिका निभाई। वह लंबे समय तक MTV रोडीज में गैंग लीडर के तौर पर भी नजर आए। इन दिनों प्रिंस टीवी से कुछ दूर रहकर अपने सिंगिंग करियर पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने हैलो हैलो, फॉल और शुकराना जैसे गाने किए हैं और आगे भी म्यूजिक पर काम कर रहे हैं।
