सट्टे के कर्ज में डूबे युवक ने होटल में फांसी लगाकर दी जान, परिवार ने चार लोगों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

सट्टे के कर्ज में डूबे युवक ने होटल में फांसी लगाकर दी जान, परिवार ने चार लोगों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

(रणभेरी): कानपुर में सट्टे के कर्ज और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कल्याणपुर क्षेत्र की है, जहां युवक ने होटल में कमरा लेने के बाद देर रात पंखे से लटककर जान दे दी। कमरे से लंबे समय तक कोई हलचल न होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवक का शव चादर के सहारे पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान रावतपुर थाना क्षेत्र के मस्वानपुर सराय निवासी 27 वर्षीय प्रशांत दीक्षित के रूप में हुई। वह निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिवार में मां, पत्नी और डेढ़ साल की बेटी है।

परिजनों के मुताबिक, प्रशांत गुरुवार सुबह रोज की तरह नौकरी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन पूरे दिन उसने किसी का फोन रिसीव नहीं किया। देर शाम पुलिस से सूचना मिलने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई।

बताया जा रहा है कि प्रशांत ने कल्याणपुर स्थित एक होटल में सुबह कमरा लिया था। रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई आवाज न आने पर कर्मचारियों ने कई बार दस्तक दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

मृतक के बहनोई ने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रशांत पर सट्टे से जुड़े पैसों को लेकर दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि युवक को लगातार धमकियां मिल रही थीं और दो दिन पहले एक पड़ोसी युवक ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।

मां ने पुलिस को दी शिकायत में चार लोगों पर बेटे को प्रताड़ित करने और अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी कई दिनों से प्रशांत को अपने साथ ले जाते थे और सट्टा खेलने का दबाव बनाते थे। परिवार का आरोप है कि मानसिक दबाव और वसूली से परेशान होकर ही प्रशांत ने आत्महत्या की।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है, हालांकि आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *