वाराणसी (रणभेरी): फूलपुर थाना क्षेत्र में व्यापारी मनीष सिंह की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या के मामले में शुक्रवार को विरोध तेज हो गया। घटना के खिलाफ अधिवक्ताओं ने भी मोर्चा खोलते हुए गांव पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि भरथरा-घमहापुर क्षेत्र में हुई इस वारदात के पांच दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ ठोस कदम न उठाए जाने से परिजनों में भारी नाराजगी है। परिवार का आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है, जबकि अभी तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई सख्त कार्रवाई की गई है।

शुक्रवार दोपहर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम के नेतृत्व में कई अधिवक्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों से बातचीत के बाद वकीलों ने बसनी-कुआर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक धरना जारी रहेगा। करीब 20 मिनट तक चले इस विरोध के बीच एसीपी पिंडरा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
एसीपी ने 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को शाम 5 बजे मुलाकात के लिए बुलाया है। आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं और परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल, पूरे मामले पर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और लोग पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
