वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दौरे पर पहुंचेंगे। इस अवसर पर वे लगभग 6300 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। पीएम के आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंडलीय कबीरचौरा अस्पताल को अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी सुविधा के रूप में विकसित करने की योजना की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही वाराणसी और बनारस स्टेशन से दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिससे रेल संपर्क को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा गंगा नदी पर मालवीय पुल के समानांतर प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास भी किया जाएगा। यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

सारनाथ स्थित तिब्बती संस्थान परिसर में स्थापित होने वाले सोवा-रिग्पा आयुर्वेदिक अस्पताल का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री के हाथों प्रस्तावित है। इसके साथ ही कई अन्य विकास योजनाओं का भी शुभारंभ और शिलान्यास किया जाएगा, जिनका उद्देश्य क्षेत्र के स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना है।
इस संबंध में काशी निवासी पूजा दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री के हर दौरे के साथ काशी को नई सौगातें मिलती हैं, जिससे आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ होता है।

वहीं महिला वंदन बिल को लेकर विपक्ष की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दों में हमेशा रुकावटें पैदा की हैं। उनका यह भी कहना है कि आने वाले चुनावों में महिलाएं इसका जवाब देंगी। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
