(रणभेरी); हॉलीवुड की ऑस्कर अकैडमी द्वारा हाल ही में सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक लोकप्रिय बॉलीवुड मोनोलॉग ने एक बार फिर इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। अकैडमी ने शुक्रवार को फिल्म ‘ओम शांति ओम’ का एक यादगार डायलॉग क्लिप पोस्ट किया, जिसके बाद शाहरुख खान ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी।
अकैडमी की ओर से साझा किए गए वीडियो में अवॉर्ड नाइट वाले दृश्य का मशहूर संवाद शामिल था, जिसमें कहा गया है कि “किस्मत कभी अपना काम करना नहीं भूलती।” इस पोस्ट को देखने के बाद शाहरुख खान ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इसे रीशेयर करते हुए लिखा कि यह दृश्य उन्हें पुरानी यादों में ले गया और इससे उन्हें खुद को ‘किंग ऑफ द वर्ल्ड’ जैसा महसूस हुआ।
गौरतलब है कि ‘ओम शांति ओम’ का निर्देशन फराह खान ने किया था और यह फिल्म वर्ष 2007 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा अर्जुन रामपाल और श्रेयस तलपड़े ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई थी।
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं, जिसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इस फिल्म में सुहाना खान, अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
इसी बीच यह भी चर्चा है कि शाहरुख खान निर्देशक एटली की अगली फिल्म ‘राका’ में कैमियो कर सकते हैं। हालांकि, इस खबर को लेकर अभी तक किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। एटली इससे पहले शाहरुख की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ का निर्देशन कर चुके हैं।
